Next Story
Newszop

रीवा के अवधेश प्रताप सिंह विवि में स्थापित होगा रामायण शोधपीठ, शिलापट्टिका का हुआ अनावरण

Send Push

– श्रीराम का चरित्र अनुकरणीयः जगतगुरू रामभद्राचार्य

भोपाल, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । रीवा के अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में रामायण शोधपीठ की स्थापना की जाएगी। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी और जगतगुरू रामभद्राचार्य ने गुरुवार को इसकी शिलापट्टिका का अनावरण किया।

अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जगतगुरू रामभद्राचार्य ने कहा कि राम चरित्र वत्सल हैं। उनका आदर्श अनुकरणीय है, जितना समृद्ध साहित्य भगवान श्रीराम का है उतना और किसी का नहीं है। रामायण शोध पीठ की स्थापना रीवा विश्वविद्यालय के लिए शुभ हो और यह रामायण के शोधार्थियों के लिए वरदान बने। इसकी स्थापना रीवा के पूर्व महाराज रामायण अनुरागी रघुराज सिंह को श्रद्धांजलि भी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आचार्यों को ऐसी मर्यादा प्रस्तुत करनी चाहिए, जिससे शिष्य उनका अनुकरण करें। जगतगुरू ने रामचरितमानस को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित करने की बात भी कही।

आध्यात्म, धर्म और संस्कृति के साथ विकास वरदान बनता हैः शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत आध्यात्म धर्म और संस्कृति है। इनके साथ से ही विकास वरदान बन जाएगा। आज का दिन अविस्मरणीय रहेगा जब जगतगुरू के कर-कमलों से पीठ की स्थापना की शुरुआत हुई है। रामायण पीठ के माध्यम से रामायण के गुणों को अंगीकार करने और शोधार्थियों को नवीनतम शोध में मदद मिलेगी। उन्होंने रामायण पीठ के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की और आश्वस्त किया कि अन्य आवश्यकताओं की भी पूर्ति की जाएगी।

रामायण के माध्यम से भारतीय संस्कृति का होता है प्रगटीकरणः मंत्री लोधी

संस्कृति राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि रामायण के माध्यम से भारतीय संस्कृति का प्रगटीकरण होता है। चरित्रवान व मर्यादाशील होने का भगवान राम से सीख मिलती है। रामायण की शिक्षाएं आज के परिवेश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि रामायण से जीवन की दशा को सुधार कर चरित्रवान बनते हुए देशहित के लिए सीख मिलती है।

कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र ने रामायण पीठ की स्थापना के लिए साधुवाद देते हुए सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर दिव्यांग विश्वविद्यालय चित्रकूट के कुलगुरु शिशिर पाण्डेय, कुलसचिव सुरेन्द्र सिंह परिहार, नोडल अधिकारी नलिन दुबे, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर राजेन्द्र प्रसाद कुड़रिया, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Loving Newspoint? Download the app now